हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के अंतर्गत सासन-बलेटा-कारगू सड़क की हालत जल्द सुधरेगी। इस सड़क के लिए प्रदेश सरकार से साढ़े चार करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा आगामी पांच साल तक सड़क के रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए 58 लाख रुपये का अतिरिक्त बजट मंजूर हुआ है। अमरोह से नेरी होकर गुजरने वाली इस आठ किलोमीटर सड़क का अपग्रेडेशन होने से लोगों को सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में यह सड़क काफी संकरी है और इस मार्ग पर दुर्घटनाओं को न्योता देने वाले कई तीखे मोड़ भी हैं। जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क के सुधारीकरण का कार्य शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। इसी मार्ग पर डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय भी आता है। जहां पर सैकड़ों विद्यार्थी स्नातक और स्नातकोत्तर की शिक्षा हासिल कर रहे हैं। आठ किलोमीटर सड़क मार्ग के अंतर्गत आधा दर्जन से अधिक गांव आते हैं, जो इसी मार्ग से सफर करते हैं। लोनिवि ने बजट की स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य भी शुरू कर दिया है। पहले चरण में तीखे मोड़ पर कटिंग का कार्य शुरू हुआ है। जिसके बाद डंगे और नई पुलियां इत्यादि बनाई जाएंगी। अंत में सड़क पर टारिंग वर्क शुरू होगा। उधर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनपीएस चौहान ने बताया कि सासन-बलेटा-कारगू सड़क को सुधारने के लिए प्रदेश सरकार से 4.42 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा आगामी पांच साल तक सड़क के रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए 58 लाख रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत हुआ है।