गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत गाहली गांव में एक व्यक्ति घर के कमरे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान दीपक पुत्र शंभू, निवासी गाहली, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है।
दीपक अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता था और इन दिनों गांव स्थित घर आया हुआ था। वह कुछ दिनों से घर में अकेला रह रहा था। परिजनों और रिश्तेदारों के फोन एक-दो दिन से नहीं उठाने पर गांव के लोगों और रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था।
अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस को सूचना दी गई। गलोड़ चौकी पुलिस ने रविवार को मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और कमरे में प्रवेश किया। पुलिस को अंदर शराब की आधी बोतल मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और सात माह की बेटी छोड़ गया है। मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं।
वहीं, डीएसपी बड़सर हरीश गुलेरिया ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।