हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर की सेमेस्टर परीक्षाओं में अनुचित साधनों का प्रयोग (यूएमसी) करने वाले विद्यार्थियों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को यूएमसी कमेटी के समक्ष कुल 35 में से 33 आरोपी विद्यार्थियों ने पेश होकर अपना पक्ष रखा। अब कमेटी अगले एक सप्ताह के भीतर इन विद्यार्थियों के भविष्य पर अपना अंतिम निर्णय सुनाएगी।
तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में आयोजित यूजी और पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान उड़नदस्तों ने 35 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा था। जांच में सामने आया कि कुछ छात्र मोबाइल फोन के माध्यम से हाई-टेक नकल कर रहे थे, जबकि कई विद्यार्थियों के पास से पारंपरिक लिखित सामग्री बरामद हुई थी। इन सभी के खिलाफ यूएमसी दर्ज कर मामला जांच कमेटी को सौंपा गया था।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को सुनवाई के दौरान विद्यार्थियों की दलीलों को सुना गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो दो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे हैं, उनके मामले को भी प्रक्रिया के तहत देखा जाएगा। कमेटी अब साक्ष्यों और छात्रों के बयानों के आधार पर एक सप्ताह के भीतर अपना फैसला सुनाएगी, जिसकी जानकारी संबंधित विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से दे दी जाएगी।