होटल में देर रात पकड़े 33 लोग मुचलके पर रिहा
धर्मपुर क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं अधिकतर लोग
अभी तक जांच में शामिल नहीं हुए भाजपा नेता
पुलिस ने की वीडियो रिकार्डिंग, पांच शराब की बोतलें बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना हमीरपुर के तहत मट्टनसिद्ध बाईपास में पार्टी करते पकड़े गए कुल 33 लोगों का मेडिकल करवाया गया है। देररात गिरफ्तार किए गए इन लोगों को मुचलका भरने के बाद रिहा कर दिया गया है। होटल से पुलिस ने पांच बोतलें शराब की भी बरामद की हैं। इन लोगों की पहचान धर्मपुर, संधोल और हमीरपुर निवासियों के रूप में हुई है। अधिकतर लोग धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। इस दौरान एक भाजपा नेता सहित चार लोग पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भागने में कामयाब रहे हैं।
पकड़े गए सभी लोगों का मेडिकल करवाया गया है। मेडिकल करवाने की प्रक्रिया सुबह चार बजे तक चली है। यहीं पर मुचलका भरने के बाद सभी लोगों को घर भेज दिया गया है। मामले में मौके से भागे पूर्व मंत्री के बेटे भाजपा नेता का नाम पुलिस कार्रवाई में जुड़ा है लेकिन पुलिस अभी तक उन्हें जांच के दायरे में नहीं ले सकी है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की वीडियो रिकाॅर्डिंग की गई है। इस वीडियो को भी आधार बनाकर पुलिस आगामी कार्रवाई कर कई लोगों को जांच के दायरे में ले सकती है। मामले में होटल मालिक के खिलाफ भी कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। सदर थाना हमीरपुर पुलिस की टीम ने एसएचओ हरीश गुलेरिया की अगुवाई में रविवार रात नौ बजे के करीब मट्टनसिद्ध स्थित निजी होटल में दबिश दी थी। इस होटल के पास बार का लाइसेंस नहीं है। मौके पर शराब की खुली बोतलें भी बरामद हुई हैं। ऐसे में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत यहां पर होटल मालिक और मौजूद लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। यह कार्रवाई सोमवार सुबह चार बजे तक चली है। एसपी भगत सिंह ने कहा कि मामले में 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल करवाने के उपरांत मुचलका भरने पर इन लोगों को रिहा कर दिया गया है। मामले में कुछ लोग मौके से भाग गए हैं। ये लोग पुलिस टीम के कार्रवाई की वीडियो में रिकाॅर्ड हुए हैं। इनको जांच के दायरे में लिया जा रहा है।