रंगस/नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन के अंतर्गत पुतड़ियाल पंचायत के उपप्रधान और तीन वार्ड सदस्यों ने पंचायत में विकास कार्य सुचारु रूप से न होने तथा सचिव की स्थायी तैनाती न होने से खफा होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने बताया कि उन्हें भी त्यागपत्र के बारे में ग्रामीणों से पता चला है। उन्होंने बताया कि डेढ़ वर्ष से पंचायत में नियमित सचिव न होने के कारण विकास कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत सचिव का अतिरिक्त कार्यभार कंडरोला पंचायत सचिव को दिया गया है, जो कि अपनी व्यस्तताओं के कारण उनकी पंचायत में नियमित तौर पर नहीं आ पाते हैं।
जिस कारण पंचायत के हर तरह के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उर्मिला देवी ने बताया कि इस समस्या के बारे में पहले भी उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है लेकिन, अभी तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। अभी तक उन्होंने त्यागपत्र पढ़ा नहीं है। इसलिए इसके बारे में विस्तार से नहीं बता सकतीं। उधर, त्यागपत्र देने वाले उपप्रधान विक्रमजीत ने कहा कि पंचायत में विकास कार्य और उनका भुगतान समय पर न होने के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया है। पंचायत सचिव सोहन लाल ने त्यागपत्र के बारे में पुष्टि करते बताया कि सोमवार को इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा।