सुजानपुर (हमीरपुर)। स्थानीय वार्ड नंबर आठ में बने प्राचीन मुरली मनोहर मंदिर के मुख्य द्वार के पास लगातार पार्क हो रहे वाहनों से मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर के मुख्य द्वार के पास दिन और रात के समय वाहन खड़े रहते हैं। जिससे मंदिर में आवाजाही के साथ-साथ वहां पर लोगों को बैठने, अन्य कार्य करने में असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इस पर कोई कार्रवाई न होने से श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। मंदिर प्रबंधक का कहना है कि कुछ एक गाड़ियां तो यहां ऐसी खड़ी रहती हैं जो पूरा दिन और पूरी रात यहां से हिलती नहीं हैं।
जब उन वाहन मालिकों को यहां से गाड़ियां हटाने को कहा जाता है तो बात को अनसुना कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मंदिर के मुख्य द्वार के पास इन वाहनों के खड़े होने से मंदिर की सुंदरता पर ग्रहण लग रहा है। मंदिर प्रबंधक रविनंदन अवस्थी ने कहा कि मंदिर के बाहर वाहन पार्किंग न की जाए। अगर लोग नहीं मानते हैं तो इसकी शिकायत थाना सुजानपुर में की जाएगी। उधर, वार्ड पार्षद ज्योति शर्मा ने बताया मंदिर के बाहर वाहन पार्किंग सुविधा नहीं है। ऐसे में जो लोग यहां पर वाहन खड़े करते हैं वह यहां से वाहन हटा लें, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।