नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के स्थानीय बस अड्डा के निकट वीरवार देर शाम धर्मांतरण करवाने के शक में स्थानीय युवकों ने एक प्रवासी युवक को थाने पहुंचा दिया। भाजयुमो शहरी इकाई के अध्यक्ष संदीप भाटिया, रोहित अवस्थी, जगमोहन चौधरी, नीरज जैन, शुभम कपिल, काजू जैन का कहना है कि कुछ प्रवासी लोग उपमंडल में बस्ती और झुग्गियों में रह रहे अन्य लोगों को बहला फुसलाकर और प्रलोभन देकर उनकी धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। एक झुग्गी में उन्हें एक प्रवासी युवक मिला जिसने बताया कि उसकी झुग्गी के निकट ही रह रहे एक व्यक्ति का उपचार उसने ईश्वर से प्रार्थना करके किया।
उसने दावा किया कि अब व्यक्ति रोग मुक्त हो गया है और उसके मांगने पर ही उसने उसे एक क्रॉस भेंट किया। जबकि किसी के साथ कोई जबरदस्ती नहीं की है। लोगों ने इस मामले की सूचना नादौन पुलिस को दी, परंतु पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की ओर से दिखाए गए सभी दस्तावेज ठीक पाए गए। उधर, युवाओं ने आशंका जाहिर की है कि यह प्रवासी लोग क्षेत्र के कुछ भोले भाले लोगों की अज्ञानता और अनपढ़ता का फायदा उठाकर धर्मांतरण का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में जांच अधिकारी शिव कुमार का कहना है कि थाने में युवक से पूछताछ की गई। जो दस्तावेज उसने दिखाए, वह ठीक पाए गए। धर्मांतरण के प्रति कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है।