हमीरपुर। विकास खंड भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत महल में वीरवार को एसडीएम भोरंज संदीप सूद की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय प्रशासन जनता के द्वार शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत महल करहा के अतिरिक्त खरवाड़ और आसपास की पंचायतों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में इंतकाल से संबंधित 19 मामले, वसीयत/बैनामा/ रजिस्ट्री आदि दस्तावेजों के 2 मामले, 3 प्रार्थना पत्र, 36 शपथ/ प्रमाण पत्रों सहित कुल 60 मामले प्रस्तुत हुए।
इनमें से सभी मामलों का विभिन्न विभागों के अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही निपटारा किया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। एसडीएम संदीप सूद ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य घर द्वार पर लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर उनकी समस्याओं का समाधान करना, उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। ताकि, अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। इससे लोगों के धन तथा समय की भी बचत होगी। जिसका सदुपयोग वह अन्य कार्यों में कर सकते हैं।