बिझड़ी(हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में शीश नवाया। सुबह सवेरे ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बाबा की गुफा के बाहर लगना शुरू हो गईं। हालांकि सुबह सवेरे मौसम ठंडा होने के चलते कुछ श्रद्धालु देर से मंदिर पहुंचे, लेकिन ज्यादातर श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर कतारों में खड़े रहे।
मंदिर में नवविवाहित जोड़े अपने परिवार सहित बाबा के चरणों में काफी मात्रा पहुंचे। हिमाचल व पंजाब सहित अन्य राज्यों के लोगों की परंपरा है कि जब भी नई शादी होती है तो सर्वप्रथम श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए दियोटसिद्ध पहुंचते हैं। लोगों में आस्था है कि बाबा उनकी मनोकामनएं पूरी करते हैं और वैवाहिक जीवन में सुख समृद्धि आती है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड सहित देश व विदेश से श्रद्धालु बाबा बालक नाथ के दर्शनों के लिए पहुंचे। पूरा मंदिर न्यास बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर प्रशासन द्वारा भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया। मंदिर न्यास अध्यक्ष धनवीर सिंह ने बताया कि मंदिर में रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को न्यास प्रशासन द्वारा हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।