रोजगार कार्यालय से नाम कटने पर नहीं होंगे फॉर्म जमा : धीमान
बेरोजगारी भत्ते के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को निर्देश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। रोजगार कार्यालय से नाम कटने और निर्धारित योग्यता पूरी न होने के कारण बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन अपलोड नहीं हो रहे। रोजगार विभाग के सौजन्य से प्रदेश सरकार द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी हमीरपुर योगराज धीमान का कहना है कि विभाग की वेबसाइट पूरी तरह सही है, लेकिन जो युवा बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन कर रहे हैं उनकी योग्यता भत्ते को प्राप्त करने के अनुसार न होने के कारण उनके फॉर्म सबमिट नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ युवा वेबसाइट में फॉर्म सबमिट न होने की शिकायत कर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से कहा है कि निर्धारित योग्यता पूरी न करने वाले युवाओं, संबंधित रोजगार कार्यालय से नाम कट चुके युवाओं और फॉर्म को सही ढंग से नहीं भरने वाले युवाओं के फॉर्म ही सबमिट नहीं होंगे। जिस कारण युवाओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया है कि बेरोजगारी भत्ते का लाभ लेने के लिए अपने संबंधित रोजगार कार्यालय में अपना नाम रिन्यू करवाएं। इसके साथ ही भत्ते को प्राप्त करने के लिए निर्धारित शर्ताें को पढ़कर ही आवेदन करें। फॉर्म को सही ढंग से भरें जिसके बाद फॉर्म सबमिट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी के चलते जिला रोजगार कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।