सुजानपुर में मिठाई की दुकान में जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी। जागरूक पाठक।
सुजानपुर (हमीरपुर)। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुजानपुर बाजार में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने मिठाई, फास्ट फूड और किराना की 15 से 20 दुकानों की जांच की। इस दौरान करीब 30 किलो खराब बेसन, चमचम और बासी मटरी मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं, मिठाइयों के आठ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मंजीत सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को सुजानपुर में दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण तिथि और साफ-सफाई की व्यवस्था जांची। निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर करीब 30 किलो खराब गुणवत्ता वाला बेसन, चमचम और बासी मटरी मिली। इनमें फफूंद और बदबू होने की आशंका थी। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने पूरी सामग्री मौके पर ही नष्ट करवा दी। इसके अलावा विभिन्न दुकानों से मिठाइयों के आठ नमूने लिए गए। इन्हें सील कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट या हानिकारक तत्व पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त मंजीत सिंह ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को केवल ताजा व शुद्ध खाद्य सामग्री बेचने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जाएगा। बाजार में औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभाग के संदीप कुमार भी मौजूद रहे।