हमीरपुर। पूर्व सैनिक कल्याण निदेशालय के रोजगार विंग में मंगलवार को विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। इसमें प्रदेश भर से आए 30 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। इन साक्षात्कारों में आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट और वेटनरी फार्मासिस्ट के पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया।
आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के पांच पदों को पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित रखा गया था। इन पदों के लिए दो पूर्व सैनिकों ने साक्षात्कार दिया। वहीं, वेटनरी फार्मासिस्ट के 18 पदों के लिए 11 पूर्व सैनिक साक्षात्कार में शामिल हुए। ये 18 पद सभी वर्गों के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित थे। सैनिक कल्याण निदेशालय के उप क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि इन साक्षात्कारों का उद्देश्य योग्य और प्रशिक्षित पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर प्रदान करना है।