जिले में 3220 लोगों की हुई शुगर जांच
विश्व मधुमेह दिवस पर 145 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में लगाए गए विशेष जांच शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में विशेष मधुमेह जांच अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले के करीब 145 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में शिविर आयोजित किए। इन शिविरों में कुल 3,220 लोगों के ब्लड शुगर की जांच की गई, जिनमें से 274 लोग मधुमेह से पीड़ित पाए। अभियान के दौरान लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आभा आईडी के माध्यम से एनसीडी पोर्टल से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया।
शिविरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने लोगों की जांच की। जांच के बाद मरीजों का पूरा ब्योरा एनसीडी पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, ताकि उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। शिविरों में लोगों के ब्लड शुगर की जांच करने के साथ उन्हें मधुमेह से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया। मधुमेह से पीड़ित अधिक-से-अधिक लोगों की पहचान की जा सके, इसके लिए स्वास्थ्य उपकेंद्रों में विशेष जांच शिविर लगाए।
स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता की बात यह है कि जिले में हर पांचवें व्यक्ति को मधुमेह होने की आशंका है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-छह के आंकड़ों के अनुसार जिले की करीब 20 प्रतिशत आबादी मधुमेह से प्रभावित हो सकती है। जिले की कुल 3,11,798 आबादी के आधार पर संभावित मधुमेह मरीजों की संख्या करीब 62,359 आंकी गई है। वहीं, राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) पोर्टल पर अब तक केवल 19,884 मरीज ही पंजीकृत हैं। इस तरह संभावित मरीजों के अनुमानित आंकड़े और सरकारी रिकॉर्ड के बीच करीब 42,475 का अंतर है।
कोट
लोगों को भी चाहिए कि वे समय-समय पर शुगर की जांच करवाएं। लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लें ।-डॉ. सतीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर