दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बालयोगी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वीरवार को मंदिर में श्रद्धालुओं ने नकद चढ़ावे और दान के रूप में 25 लाख 40 हजार 235 रुपये की राशि अर्पित की। मंदिर प्रशासन के अनुसार वीरवार को लगभग 16 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा बालकनाथ के दर पर माथा टेका। चढ़ावे में विदेशी मुद्रा भी बड़ी मात्रा में प्राप्त हुई है।
मंदिर न्यास की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 22 मई को चढ़ावे के रूप में 17 लाख 48 हजार 555 रुपये और दान पेटियों से 7 लाख 91 हजार 680 रुपये प्राप्त हुए। श्रद्धालुओं ने 134 ग्राम 140 मिलीग्राम चांदी भी अर्पित की। विदेशी मुद्रा में इंग्लैंड पाउंड 30, यूएस डॉलर 212, यूरो 170, कनाडा डॉलर 250, यूएई दिरहम 335 तथा न्यूजीलैंड डॉलर 60 प्राप्त हुए। मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर न्यास द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा बालकनाथ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और मंदिर प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।