हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर के सामने स्थित स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराया न चुकाने वाले 28 दुकानदारों से नगर निगम ने 22 लाख की रिकवरी कर ली है। 22 लाख रुपये के भुगतान के बाद 28 में से एक दुकानदार ने अपने पूरे लंबित किराए का भुगतान कर केस को बंद करवा दिया है।
वहीं, शेष 27 दुकानदारों पर अभी भी 60 लाख रुपये का किराया लंबित है, इन दुकानदारों के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में केस चले हुए हैं। एसडीएम कोर्ट में केस में पेशियों के बाद ही दुकानदारों ने एक-एक करके 60 लाख रुपये का भुगतान किया है। भुगतान के बाद ही नए सिरे से दुकानों को खाली करवाकर नीलाम किया जाएगा। लंबे समय से स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराये का भुगतान न करने पर दुकानदारों की बकाया किराया राशि 80 लाख रुपये पहुंच गई थी। ऐसे में नगर परिषद की ओर से इन डिफाल्टर दुकानदारों पर एसडीएम कोर्ट में केस किए गए।
कोर्ट की पहली पेशी में दुकानदारों ने दुकानों की स्थिति, किराया अधिक और आय न होने का तर्क दिया। वहीं, कुछ दुकानदार पेशी में नहीं पहुंचे थे। दूसरी और तीसरी पेशी के बाद दुकानदारों से किराया वसूला गया। छह माह तक पेशियों के बाद दुकानदारों ने किराए का भुगतान किया है। अब किराए की पूरी वसूली होने के बाद नगर निगम की ओर से नए सिरे से दुकानों को नीलाम कर किराए पर आवंटित किया जाएगा।
वर्तमान में स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में कुल 201 दुकानें हैं। इनमें से 61 दुकानें नगर परिषद हमीरपुर के अधीन हैं। नगर परिषद ने 61 में से 34 दुकानों को किराये पर आवंटित किया था। इनमें से 28 दुकानदार किराये का भुगतान नहीं कर रहे थे। अब 27 दुकानदारों से रिकवरी के बाद दुकानों को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू होगी।
कोट
स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराया न चुकाने वाले 28 दुकानदारों से 22 लाख की रिकवरी कर ली है। भुगतान के बाद 28 में से एक दुकानदार ने अपने पूरे लंबित किराए का भुगतान कर केस को बंद करवा दिया है। शेष 27 दुकानदारों पर अभी भी 60 लाख रुपये का किराया लंबित हैं।
-संजीत ठाकुर, एसडीएम, हमीरपुर