हमीरपुर। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जल स्तर बढ़ा हुआ है। मटमैला पानी आने से जल शक्ति विभाग की 22 पेयजल योजनाएं अभी ठप हैं। इनमें मंडल हमीरपुर की चार, नादौन की आठ, बड़सर की चार और भोरंज की एक पेयजल योजना शामिल हैं।
हमीरपुर टाउन की पेयजल योजना के तहत हमीरपुर शहर में अभी भी तीसरे दिन पानी आ रहा है। जल शक्ति विभाग के एसई नीरज भोगल ने बताया कि जहां-जहां पर पेयजल योजनाएं ठप हैं, वहां पर अन्य योजनाओं से पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पेयजल योजनाएं बहाल होंगी।
लोक निर्माण विभाग के तहत जिला में तीन संपर्क मार्ग बंद हैं। इनमे पालसरु-भगेड़, लेहरी-सलान और भियांवी-तूतडू मार्ग शामिल हैं। तीनों ही संपर्क मार्ग का कुछ हिस्सा टूटा हुआ है। इस कारण यहां पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के एसई विजय चौधरी ने बताया कि पांच सितंबर के बाद इन मार्गों को बहाल कर लिया जाएगा। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सभी लोग नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। भारी बारिश में घर से बाहर निकलने का जोखिम न उठाएं।