हमीरपुर। जिले के कई जंगलों में खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है। झिरालड़ी गांव के साथ लगते जंगल में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए देखे जा सकते हैं। वाहन चालक और लोग जंगलों में सब्जी सहित अन्य सामग्री खुलें में फेंक रहे हैं। इससे स्वच्छता अभियान को ग्रहण लग रहा है। लोगों ने विभाग से ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है। एनएच भोटा-लठियाणी पर भोटा और झिरालड़ी के बीच पड़ते जंगल में सरेआम कूड़ा खुले में फेंका जा रहा है। इसके साथ कई बार जंगल में मरे हुए पशुओं को फेंका जाता है। इससे सड़क तक बदबू के कारण लोगों को गुजरना मुश्किल हो जाता है। जंगल में बंदर होने के चलते वाहन चालक रोजाना कुछ न कुछ उनके खाने के लिए फेंक जाते हैं।
इससे जंगल में गंदगी का माहौल बना हुआ है। कई बार वाहन चालक गली-सड़ी सब्जी को भी वहां फेंक जाते हैं। हालांकि, विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी इस सड़क से गुजरते हैं लेकिन, वह भी इस और कोई ध्यान नहीं दे पाए हैं। जंगलों में स्वच्छता अभियान की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। लोगों में सतीश, पुरुषोत्तम, शुभम, गणेश, सुभाष और कुलदीप आदि ने कहा कि जंगल में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे पा रहा है। इस संदर्भ में वन विभाग हमीरपुर के कार्यकारी डीएफओ संगीता चंदेल ने कहा कि जंगल में गंदगी नहीं फैला सकते हैं। उन्होंने कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।