हमीरपुर। राष्ट्रीय होली मेले में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान एचआरटीसी डिपो हमीरपुर स्थानीय लोगों को अतिरिक्त बस सुविधा प्रदान करेगा ताकि, सांस्कृतिक संध्या के बाद लोगों को घर जाने के लिए परेशानी न हो। सुजानपुर क्षेत्र से इर्द-गिर्द के लोकल बस रूटों के लिए अतिरिक्त बस सुविधा सांस्कृतिक संध्या के बाद उपलब्ध करवाई जाएगी।
इसके अलावा हमीरपुर से सुजानपुर के लिए अतिरिक्त बस सेवा मेलों के दौरान उपलब्ध करवाई जाएगी। 18 से 21 मार्च तक सुजानपुर होली उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान चार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। लोगों को सांस्कृतिक संध्याओं के बाद आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए निगम की बसें चलाई जाएंगी। आरएम हमीरपुर विवेक लखनपाल ने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान लोकल बस रूट पर अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।