हमीरपुर। काले घने बादलों से जिला हमीरपुर में वीरवार को दोपहर दो बजे दिन में ही अंधेरा हो गया। मुख्य मार्ग समेत सभी संपर्क मार्गों पर वाहन चालक लाइटें जलाकर सफर करते दिखे। जिलाभर में बुधवार रात से ही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रात को बारिश के साथ आसमान में बिजली की गर्जना भी लगी रही। वीरवार को दिनभर मूसलाधार बारिश के साथ बिजली की गर्जना और ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पारा लुढ़कने के कारण लोग गर्म कपड़े पहनने और हीटर तथा आग सेंकने को मजबूर हुए।
सड़कों किनारे ओलों के बड़े-बड़े ढेर लग गए। कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश और शीतलहर के कारण लोग मफलर, टोपी, शॉल, कोट आदि पहनकर अपने गंतव्य की ओर निकले। ठंड में स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों सहित कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली गुल हो जाने के कारण लोग हीटर सेेंकने से भी वंचित रहे। वहीं, गांवों में लोगों ने चूल्हे जलाकर आग सेंककर ठंड से निजात पाई। बिजली की गर्जना से लोग भी घबराये रहे। जिलाभर में इस बारिश को सीजन की सबसे अधिक बारिश माना जा रहा है।