जाहू (हमीरपुर)। पुलिस चौकी जाहू के तहत तलाई गांव और बाईपास के पास सड़क के किनारे खड़ी दो कारों को ट्रक ने टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। दोनों पक्षों में समझौता होने के चलते पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है। मंगलवार रात 8:30 बजे सुलगवान से जाहू की ओर तेजी आ रहे एक ट्रक चालक ने तलाई गांव में सड़क के किनारे खड़ी एक मारुति कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद जाहू बाईपास पर एक निजी होटल के बाहर खड़ी कार को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इससे पहले कांगुघट्टी और तलाई गांव में सड़क के किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की ग्रिलों से ट्रक टकराया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक इतनी तेज गति से था कि अगर कोई सामने आता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद चालक ने ट्रक को मंडी जिले के भांबला औद्योगिक केंद्र की एक फ्लोर मिल के गैरेज में खड़ा करने की कोशिश की लेकिन, वहां पहुंचने से पहले पुलिस ने चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया। यह ट्रक पहले भांबला से आटा भरकर हमीरपुर की ओर जा रहा था। जाहू बाईपास पर पुलिस के नाके के दौरान ट्रक का चालान भी हुआ है। यह ट्रक करीब बीस मिनट बाद दोबारा सुलगवान से जाहू की ओर आया है और दो कारों को टक्कर मार दी। इस संबंध में जाहू पुलिस चौकी प्रभारी परमजीत सिंह का कहना है कि दो कारों के साथ ट्रक के टकराने की सूचना मिली है लेकिन, दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने के बाद पुलिस के पास कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।