हमीरपुर। जिला हमीरपुर के परोल गांव के निवासी सतीश वर्मा सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। इससे क्षेत्र भर में खुशी की लहर है। जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के परोल गांव निवासी सतीश ने स्पेशल कमीशन पास कर यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पूर्व वह भारतीय सेना में एयर डिफेंस विंग में बतौर हवलदार कार्यरत थे। स्पेशल कमीशन पास कर वह अब लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शनिवार को बिहार के गया में उनकी पासिंग आउट परेड हुई। जिसमें उनके परिवार सदस्य भी मौजूद रहे।
सतीश के पिता मिलाप चंद बंदोबस्त विभाग हमीरपुर में कार्यरत हैं। उनकी माता गृहिणी हैं और छोटा भाई कुबैत में नौकरी करता है। सतीश की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परोल से हुई है। उन्होंने ग्यारहवीं की पढ़ाई भोरंज स्कूल से और बारहवीं की पढ़ाई न्यू ईरा स्कूल कैहरवीं से की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिजनों को दिया है। वहीं उनकी इस उपलब्धि से उपमंडल भोरंज में खुशी का महौल है।