हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने वार्ड नंबर-10 में खुले में गंदा पानी बहाने वाले 35 परिवारों को नोटिस जारी किए हैं। 15 दिन के अंदर सीवरेज कनेक्शन न लेने पर नगर परिषद इन परिवारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटेगी। वार्ड-10 के 35 परिवार सीवरेज कनेक्शन न लेकर खुले में गंदा पानी बहा रहे हैं। रास्ते में दूषित पानी बहने से बदबू और कीचड़ का आलम बना हुआ है। इस कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नोटिस में नगर परिषद ने परिवारों को सीवरेज कनेक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद अध्यक्ष और अधिकारियों ने वार्ड का निरीक्षण किया और लोगों को 15 दिन के अंदर सीवरेज कनेक्शन लेने की हिदायत दी है। अगर यह परिवार निर्धारित अवधि के भीतर सीवरेज कनेक्शन नहीं लेते हैं तो नप इनके बिजली और पानी के कनेक्शन काट देगी। इस संबंध में नगर परिषद हमीरपुर की अध्यक्ष सुलोचना देवी शर्मा का कहना है कि वार्ड-10 में कुछ लोग रास्ते पर घरों का गंदा पानी बहा रहे हैं। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 35 परिवारों को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर सीवरेज कनेक्शन लेने के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसा न करने वाले परिवारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।