नादौन(हमीरपुर)। नादौन स्थित ब्यास पुल की एक वर्ष से रेलिंग टूटी है। पुल की एक स्थान से लगभग ढाई फीट रेलिंग टूट गई है। इस कारण हादसों का अंदेशा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि रेलिंग टूटने के कारण कोई बच्चा या लावारिस पशु नीचे ब्यास में गिर सकता है।
एनएच प्राधिकरण शिकायतों के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे में कोई दुर्घटना हो जाए तो इसके लिए प्राधिकरण ही जिम्मेवार होगा। इस पुल पर रेलिंग पहले ही काफी नीची है और इस पर से कूद कर कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
इसके लिए लोग रेलिंग के ऊपर लोहे की जाली लगा कर ऊंची करने की मांग उठा रहे हैं। लोगों ने प्राधिकरण से इस ओर शीघ्र ध्यान देने की मांग की है। वहीं एनएच प्राधिकरण के एक्सईएन एचएल शर्मा का कहना है कि शीघ्र ही इसे ठीक करवाने के आदेश दे दिए जाएंगे।