हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ओडीएफ (ओपन डिफेकेशन फ्री) यानी खुले में शौच मुक्त गांवों का निरीक्षण करने के लिए 28 टीमें बनाई गई हैं। ग्रामीण विकास विभाग के सौजन्य से इन टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में छह से आठ सदस्य शामिल रहेंगे। शनिवार को हमीरपुर में निरीक्षण के लिए टीमों को विभिन्न जानकारियां दी गईं। यह टीमें गांवों का निरीक्षण करेंगी और खुले में शौच करने वाले परिवारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस निरीक्षण के दौरान शौचालयों की सफाई व्यवस्था भी जांची जाएगी। इस दौरान किराये पर कमरे देने वाले परिवारों के शौचालयों का मुख्य रूप से निरीक्षण किया जाएगा।
एक ब्लॉक के अधिकारियों या कर्मचारियों की टीम को अन्य ब्लॉक में निरीक्षण करने की ड्यूटी लगाई गई है। कोई भी टीम अपने संबंधित ब्लॉक में निरीक्षण नहीं करेगी। इसके तहत ब्लॉक बमसन की टीम को नादौन, भोरंज की टीम को हमीरपुर, बिझड़ी की टीम को बमसन, हमीरपुर की टीम को सुजानपुर, नादौन की टीम को बिझड़ी और सुजानपुर की टीम को भोरंज ब्लॉक में निरीक्षण की जिम्मेवारी दी गई है। इस निरीक्षण के आधार पर गांव को खुले में शौच मुक्त भी घोषित किया जाएगा। टीमों में एक प्रतिनिधि ब्लॉक कार्यालय से, एक किसी एनजीओ से, एक आईसीडीएस से, एक आईपीएच विभाग से, एक स्वास्थ्य विभाग, एक स्वयं सहायता समूह, एक महिला मंडल, एक प्रेस और एक शिक्षा विभाग से प्रतिनिधि शामिल हैं। इस संबंध में परियोजना अधिकारी एवं उपनिदेशक डीआरडीए डा. सुनील चंदेल का कहना है कि खुले में शौच मुक्त जिले के गांवों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए 28 टीमें बनाई गई हैं। शनिवार को टीमों को कार्यशाला में आवश्यक जानकारी देकर सोमवार से निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। खुले में शौच करते पाए जाने वाले परिवारों के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। इस मौके पर नोडल ऑफिसर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पवन बनयाल और जिला समन्वयक अनिल सहित अन्य मौजूद रहे।