हमीरपुर। जिला हमीरपुर में अब बर्ड वाचिंग क्लब बनेगा। क्लब से जिले के पक्षी प्रेमियों को जोड़ा जाएगा। बर्ड वाचिंग क्लब से जुड़ने के लिए पक्षी प्रेमियों को आवेदन करना होगा। पक्षी प्रेमी विभाग की वेबसाइट पर 30 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। क्लब के साथ विभाग की ओर से छात्रों को जोड़ने का भी लक्ष्य रहेगा।
जिले में पक्षियों की नई प्रजातियों को जानने के लिए पक्षी प्रेमियों को बर्ड वाचिंग क्लब से जोड़ा जाएगा। इस क्लब को बनाने का मुख्य उद्देश्य पक्षियों का संरक्षण और लोगों को पक्षियों के बारे में जागरूक करना है। जिले के विभिन्न जंगलों और कस्बों में पक्षियों की नई प्रजातियों को ढूंढने के लिए पक्षी प्रेमी विभाग की मदद करेंगे। विभाग ने क्लब से जुड़ने के लिए जिले के सभी लोगों से आह्वान किया है। क्लब से जुड़ने के लिए पक्षी प्रेमियों को 30 अक्तूबर तक आवेदन करना होगा। विभाग ने इसके लिए कॉमन बर्ड वाचिंग हमीरपुर के नाम से एक किताब भी छापी है। इसमें जिले की 118 पक्षियों की प्रजातियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। इस संबंध में वन्य जीव मंडल हमीरपुर के डीएफओ कृष्ण कुमार ने कहा कि जिले में बर्ड वाचिंग क्लब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के पक्षी प्रेमी 30 अक्तूबर तक विभाग की वेबसाइट पर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।