बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत पड़ते मैहरे कस्बे में ही एचआरटीसी के बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। निगम ने बस अड्डे के निर्माण के लिए दो जगहों को चिन्हित किया था। बड़सर में जगह कम होने से निगम ने मैहरे में ही बस अड्डा बनाने का निर्णय लिया है। कई सालों से बस अड्डे का कार्य अधर में लटका हुआ है। 12 कनाल जगह पर बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा। मैहरे में बिजली बोर्ड की खाली पड़ी जगह में बस अड्डा बनाने के लिए 2012 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शिलान्यास किया था लेकिन, इसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई और बस अड्डे का कार्य अधर में लटक कर रह गया।
वहीं बड़सर में भी लोगों ने बस अड्डे के निर्माण के लिए जगह दान दी थी लेकिन, इस जगह में से लोगों ने अन्य प्रोजेक्ट के लिए जमीन दान कर दी गई। जगह कम होने के कारण बस अड्डे का निर्माण नहीं किया जा सका। इस संबंध में हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक अश्वनी शर्मा ने कहा कि विभाग ने एनओसी के लिए प्रशासन को लिखा है। एनओसी मिल जाने के बाद जल्द मैहरे में बस अड्डे का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इस संबंध में विस क्षेत्र बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि बस अड्डे का मामला उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उपयुक्त स्थल का चयन करवा कर बस अड्डा बनाया जाएगा।