फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बसों के लिए कल से खुल जाएगा मोरसू पुल

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। भारी बरसात की चपेट में आए शिमला-धर्मशाला एनएच पर बने मोरसू पुल से 21 अगस्त को बसों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। बारिश से ध्वस्त मोरसू पुल के डंगे का कार्य पूर्ण हो चुका है और विभाग ने बीते शनिवार को पुल से छोटे वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी है। अब 21 अगस्त सुबह से यह मोरसू पुल बसों की आवाजाही के लिए भी खुल जाएगा। बीते 12 अगस्त की रात को हुई भारी बारिश के कारण एनएच पर टिक्कर गांव के समीप बने इस पुल का एक भाग ध्वस्त हो गया था। इस कारण हमीरपुर से शिमला और चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों की आवाजाही एनएच पर बंद हो गई। शिमला के लिए वैकल्पिक मार्ग वाया लंबलू, तरक्वाड़ी, ताल होकर और चंडीगढ़ के लिए वाया बाड़ी फरनोल किया गया लेकिन, सड़क सिंगल होने के कारण इन पर रोजाना जाम लग रहा है।
विज्ञापन

जाम की स्थिति को देखते हुए एनएच विभाग ने पुल के डंगे का निर्माण कार्य करवाकर इस पर से शनिवार को छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी, जबकि बसों की आवाजाही 21 अगस्त सुबह से शुरू होगी। इसके साथ ही भारी ट्रकों की आवाजाही 24 अगस्त से शुरू होगी। 23 अगस्त तक ट्रकों की आवाजाही पुल पर से बंद है। एनएच विभाग ने एसपी हमीरपुर को पत्र लिखकर दोसड़का और टिक्कर में दो चेक पोस्ट लगाने की मांग की है ताकि, भारी ट्रक 24 से पहले पुल पर से न गुजर पाएं। करीब एक सप्ताह तक बंद रहे इस एनएच के कारण वाहन चालकों सहित क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्हें अतिरिक्त किराया और समय खर्च कर करीब 30 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर कर अपने गंतव्य जाना पड़ा। इस संबंध में एनएच विभाग हमीरपुर के अधिशाषी अभियंता जगदीश कानूनगो का कहना है कि मंगलवार सुबह तक बसों के लिए पुल पर से आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। जबकि, लोड ट्रकों के लिए 24 अगस्त से पुल बहाल किया जाएगा। इसके लिए दो पुलिस चेक पोस्ट बनाने की मांग की है ताकि, कोई प्रतिबंधित वाहन पुल पर से न गुजर सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें