हमीरपुर। जिलेभर में गुरु पूर्णिमा उत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। जिले में शिष्यों ने गुरुओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए। शिवपुरी धाम समताना में गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महामृत्युंजय संस्था की ओर से शिव मंदिर समताना के प्रांगण में एक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हमीरपुर, ऊना, दिल्ली और पंजाब से आए हुए शिष्यों व शिव भक्तों ने भाग लिया। सैकड़ों शिव भक्तों ने उपस्थित होकर आध्यात्मिक गुरु स्वामी शेखर सुमन से आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर गुरु की पूजा अर्चना की गई। वहीं इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर खीर और हलवा पूरी के भंडारों का आयोजन भी किया गया।
जिला मुख्यालय में स्थित आर्य समाज मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पतंजलि योग समिति हमीरपुर ने हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान युवा भारत, महिला पतंजलि योग समिति और पतंजलि किसान सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी प्यार चंद भारद्वाज ने की। प्रदेश प्रभारी नरेश गौतम ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि शिष्य के लिए गुरु दक्षिणा बड़ा महत्व रखती है और गुरु के लिए इससे बढ़कर कोई नहीं है। इस अवसर पर गांधी राम शर्मा, सतपाल पटियाल, सतीश कुमार, सुभाष चंद शर्मा, मदन लाल, ज्ञान चंद, कांता देवी, निशा देवी, सुचिता देवी, कुसमा देवी, रमेश चंद, सुरेंद्र कुमार, ठाकुर दास शर्मा, विनोद कुमार चोपड़ा, सुदेश कुमारी, रोशन लाल आदि उपस्थित रहे। दियोटसिद्ध में शुक्रवार को गुरू पूर्णिमा महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इसमें हजारों की तादाद में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने मंदिर के महंत राजिंद्र गिरी से नाम दान भी प्राप्त किया। उपमंडल भोरंज के शिव मंदिर गरसाहड़ में गुरुपूर्णिमा महोत्सव पर भंडारे का आयोजन किया गया इसके अलावा जैन समुदाय नदौन ने और महर्षि विद्या मंदिर नादौन में गुर पूर्णिमा का उत्सव धूमधाम से मनाया गया।