टुल्लू पंप का प्रयोग रोकने के लिए विशेष टीमें करेंगी निरीक्षण
पकड़े जाने पर दो बार जुर्माना, तीसरी बार कटेगा कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल में पेयजल समस्या से निपटने के लिए आईपीएच विभाग ने टुल्लू पंप के अनाधिकृत प्रयोग के निरीक्षण को विशेष टीमें तैयार की हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई टुल्लू पंप लगाता हुआ पकड़ा जाता है तो उसका पेयजल कनेक्शन बिना किसी सूचना के काट दिया जाएगा। हालांकि, इससे पूर्व दो बार जुर्माना करने का भी प्रावधान रखा गया है।
एसडीओ राजेश धीमान ने बताया कि ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि क्षेत्र में कई लोग टुल्लू पंप का प्रयोग करके पेयजल सप्लाई के समय सीधे ही पंप लगाकर पानी अधिक मात्रा में एकत्रित करते हैं। जिससे अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। यदि ऐसा करता हुआ कोई पाया गया तो पहली बार पकड़े जाने पर उसे 200 रुपये जुर्माना डाला जाएगा। जबकि दूसरी बार पकड़े जाने पर 500 रुपये जुर्माना और यदि फिर भी वह नहीं मानता है तो तीसरी बार उसका पेयजल कनेक्शन काट दिया जाएगा। इस कार्य के लिए विशेष टीमों का गठन किया जा रहा है। जोकि औचक निरीक्षण करके विभाग को रिपोर्ट देंगी।