हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश विवि के तहत कॉलेजों में दाखिले शुरू हो गए हैं। यूं तो अधिकारिक तौर पर दाखिले 15 जून से शुरू हो गए हैं, लेकिन छुट्टियां होने के कारण सोमवार को ही दाखिला प्रक्रिया का पहला दिन रहा। सोमवार को जिला के हमीरपुर, नादौन, बड़सर, भोरंज और चकमोह महाविद्यालयों में सैकड़ों छात्रों ने प्रॉस्पेक्टस भरे। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में पहले दिन करीब दो हजार प्रॉस्पेक्टस बिके। इसके साथ ही रूसा सिस्टम में सेमेस्टर सिस्टम के खत्म होने के बाद नए वार्षिक सिस्टम में दाखिले का पहला दिन होने के कारण छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं कॉलेज प्रबंधन की तरफ से छात्रों के लिए किसी भी गाइडेंस कैंप का आयोजन नहीं किया गया था। इस कारण छात्र फार्म भरने और अन्य प्रकार की जानकारियों के लिए इधर उधर भटकते रहे।
हालांकि छात्र संगठनों ने कॉलेज के प्रांगण में गाइडेंस कैंप लगाए थे, लेकिन जानकारी के अभाव में वह भी छात्रों का उचित मार्गदर्शन नहीं कर पाए। इस कारण दाखिला लेने पहुंचे सैकड़ों छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों के लिए बनाई गई एडमिशन कमेटियां दाखिले के पहले ही दिन कमेटी रूम में दो घंटे देरी से बैठीं। इस कारण दाखिला लेने वाले छात्रों की भीड़ लगी रही। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के उपप्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा का कहना है कि सोमवार से कॉलेज में दाखिले शुरू हुए। पहले दिन करीब दो हजार प्रॉस्पेक्टस बिके हैं। इसके साथ ही पहला दिन होने के कारण एडमिशन कमेटियों की बैठक ली गई। इस कारण कमेटियां कमेटी रूम में थोड़ी देरी से बैठी। छात्र किसी भी समस्या के समाधान के लिए एडमिशन कमेटी के पास जा सकते हैं। अलग से कोई भी गाइडेंस कैंप नहीं लगाया गया है।