हमीरपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमीरपुर इकाई ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में कहा कि 30 मार्च को प्रांत कार्यसमिति की बैठक शिमला में हुई है। जिसमें पिछले तीन माह के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इकाई के जिला संयोजक सचिन ने कहा कि 5 अप्रैल को उपायुक्त कार्यालय के बाहर मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे और उपायुक्त के माध्यम से शिक्षा मंत्री को छात्रों की समस्याओं के बारे में ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग उठाई कि प्रदेश में रूसा के तहत सेमेस्टर प्रणाली को तुरंत हटाया जाए और वार्षिक प्रणाली को जून माह से शुरू होने वालेे सत्र से लागू किया जाए। छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकार छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। प्रदेश में हो रही फीस वृद्धि वापस हो आदि मांग प्रदेश सरकार से की। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रांत कार्यकारिणी सदस्य पंकज कुमार, जिला छात्रा प्रमुख अंकिता ठाकुर आदि उपस्थित रहे।