हमीरपुर। दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन ने उपभोक्ता मामलों से जुड़े विभागों में वरिष्ठ नागरिकों की अनदेखी पर कड़ा ऐतराज जताया है। जिन विभागों में वरिष्ठ नागरिकों की अनदेखी का प्रचलन जारी है, की शिकायत उनके मंत्रालय और सचिव को करने का फैसला लिया हैै। शनिवार को हमीरपुर में संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट सुशील शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने शिकायत दर्ज करवाई गई कि अस्पतालों, बिजली के बिल जमा करवाने और राशन डिपुओं पर वरिष्ठ नागरिकों को कतारों में खड़ा किया जा रहा है। जो कि पहले से जारी हुई अधिसूचना का उल्लंघन है। संगठन ने कहा कि इस संदर्भ में एक बार इन सभी विभागों को लिखित में आग्रह किया जाएगा।
उसके उपरांत आगामी कार्रवाई की जाएगी। संगठन की बैठक में 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता दिवस भी मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में हमीरपुर पुलिस से गसोता और अन्य क्षेत्रों में गश्त तेज करने का आग्रह करने का निर्णय भी लिया गया। यह निर्णय गसोता क्षेत्र के लोगों की शिकायत पर लिया गया। इसके साथ ही हमीरपुर में वन-वे के नियम को सख्ती से लागू करने की मांग की गई। बैठक में आईडी सोनी, मनसुख पठानिया, मनोहर लाल कानूनगो, पीएन शर्मा, अरविंद्र सिंह, जसवीर कुमार, विपिन शर्मा, केएस गौतम, शंभूराम, युद्धवीर पठानिया, जीसी शर्मा, एसके कौड़ा, कौशल्या गिल और प्रकाश चंद सेन आदि मौजूद रहे।