मंडी। नेहरू युवा केंद्र मंडी देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन करवाने जा रहा है। जिले के इच्छुक 18 से 29 साल के युवा इस प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। नेहरू युवा केंद्र मंडी की समन्वयक ईरा प्रभात ने कहा कि खंड स्तर से राष्ट्रीय स्तरीय स्तर तक इस भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बदलते परिवेश में युवाओं को अवसर दिया जाता है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने बहुमूल्य विचार व्यक्त करें और अपना योगदान दे सकें। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अवसर एवं एक मंच प्रदान करना है, जिससे कि वे अपने नेतृत्व क्षमता को बेहतर बनाने में सक्षम हों। यह प्रतियोगिता चार स्तरों में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता खंड स्तर से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर तक होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक युवा 29 नवंबर तक अपने आवेदन मंडी कार्यालय पैलेस कालोनी में जमा करवा सकते हैं। आवेदनकर्ता अपने स्थायी निवासी की प्रतियां भी कार्यालय में जमा करवाए।