हमीरपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला हमीरपुर इकाई ने हिंदी बालीवुड फिल्म पद्मावती का कड़ा विरोध किया है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभयवीर सिंह लवली, क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष अजय ठाकुर के अतिरिक्त अभिषेक जोशी, विकास कानव, जोगिंद्र सिंह, सुनील शर्मा एवं भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने कहा कि इतिहास के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरा भारत इस फिल्म का विरोध कर रहा है, उसे देखते हुए इसके रिलीज पर प्रतिबंध लगना चाहिए।
युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के दुस्साहसों को रोकने के लिए किसी भी मंच से विरोध करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों को उसी प्रकार पेश करना चाहिए, जैसे वे थे, मनोरंजन के लिए उनमें चटपटी चीजें दिखाकर पैसे बनाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत वीरों की भूमि है और इसके इतिहास के पन्नों को खोला जाए तो कई पौराणिक गाथाएं वीरता, प्रेम, सौहार्द व भाईचारे की कहानी सुनाती हैं, लेकिन इन्हें तोड़ मरोड़कर पेश करने से इतिहास से तो छेड़छाड़ हो ही रहा है, साथ में युवा पीढ़ी को भी हमारे वीरों व वीरांगनाओं के बारे में गलत संदेश जा रहा है, जो सरासर गलत है। भाजयुमो ने सुप्रीम कोर्ट से आग्रह करते हुए कहा कि इस फिल्म के रिलीज को रोका जाए एवं सेंसर बोर्ड इस प्रकार के मामलों में अपनी सक्रियता दिखाए।