सुजानपुर का ऐतिहासिक नौण प्रशासन की उपेक्षा का शिकार
कुछ वर्ष पहले पेयजल के रूप में प्रयोग होता था नौण का पानी
लोगों ने नगर परिषद से नौण का जीर्णोद्धार करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
सुजानपुर (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे में स्थित ऐतिहासिक नौण प्रशासन की उपेक्षा का शिकार हो रहा है। कुछ समय पहले सैकड़ों लोग नौण से पेयजल भरकर अपने घरों को लेकर जाते थे, लेकिन अब घर-घर में नल लगने और प्रशासन की अनदेखी के चलते लोग यहां नहीं आते हैं। नौण के आसपास गंदगी व कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। वहीं, नौण का पानी भी दूषित हो रहा है।
अब लोग इस नौण से पानी ले जाने को कतराते हैं। महाराजा संसार चंद के समय में इस नौण का प्रयोग पेयजल के मुख्य स्रोत के रूप में होता था, लेकिन अब प्रशासन द्वारा इस नौण की सुध न लेने से इसकी हालत खस्ता हो गई है। इस कारण लोगों ने इस नौण से मुख मोड़ लिया है। स्थानीय लोगों में रमेश चंद, सुरेश कुमार, श्रवण, तिलक राज, रविंद्र व रामस्वरूप आदि का कहना है कि नप प्रशासन ने इस नौण की सुध नहीं ली है। इस कारण इसकी हालत खस्ता हो गई है। लोगों ने नप से नौण का जीर्णोद्धार करने की मांग की है। उधर, नप अध्यक्ष रमन भटनागर का कहना है कि नप प्रशासन ऐतिहासिक नौण के साैंदर्यीकरण के लिए प्रयासरत है।