बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में ज्येष्ठ रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्ध बालयोगी के दर्शन किए। शनिवार देर शाम ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई।
देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु बालयोगी के दरबार में शिवरात्रि पर्व मनाने पहुंचे। रविवार सुबह पांच बजे मंदिर में आरती होने के बाद दर्शन का दौर शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने दिनभर कतारों में लगकर पौणाहारी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास प्रशासन ने मंदिर को 24 घंटे खुला रखा। बैरियर नंबर दो से आगे केवल पास वाली गाड़ियों को ही ले जाने की अनुमति दी गई।
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित किया गया। मंदिर में मान्यता अनुसार काफी संख्या में नवविवाहित जोड़े परिवार के साथ पहुंचे। मंदिर में नवविवाहित जोड़़ों ने सुखी दांपत्य जीवन के लिए कामना की। श्रद्धालुओं ने रोट प्रसाद लेकर पवित्र धूने में आहुतियां डालकर अराधना की। देर रात तक मंदिर में बालयोगी के जयकारे गूंजते रहे।
शाम सात बजे संध्या आरती के बाद कीर्तन हाल में कीर्तन सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ के भजन गाकर उनकी लीलाओं का गुणगान किया। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को नियुक्त किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शनों के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
कोट
जेष्ठ रविवार को मंदिर में 20 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से सभी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। इन दिनों नवविवाहित जोड़े भी बाबा का आशीर्वाद लेने मंदिर में पहुंच रहे हैं।
-सूरम सिंह, अतिरिक्त मंदिर अधिकारी, दियोटसिद्ध