नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के तहत वीरवार को विभिन्न गांवों के तीन लोगों को लावारिस कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया है। घायल लोगों का नादौन अस्पताल में उपचार चल रहा है। उपमंडल भर में गत दो दिनों में आधा दर्जन लोग लावारिस कुत्तों के काटने से घायल हो गए हैं। वीरवार को कौलापुर गांव के शुभम, करौर गांव के प्रवीण और बदेहड़ा गांव की अपूर्वा को लावारिस कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया है। घायल लोगों ने बताया कि वह रास्ते में जा रहे थे कि अचानक कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। इससे उनके शरीर पर जख्म आए हैं। बता दें कि पांच दिन पूर्व भी आधा दर्जन लोगों को लावारिस कुत्तों ने काटकर घायल किया था। पिछले एक सप्ताह में ही नादौन अस्पताल में करीब 15 ऐसे मामले आ चुके हैं। इस संबंध में बीएमओ डॉ. अशोक कौशल ने कहा कि पीड़ितों का उपचार किया जा रहा है।