सुजानपुर (हमीरपुर)। चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव मंगलवार, 19 मार्च से शुरू होगा। गोवा के मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के निधन पर पूरे देश में राष्ट्रीय शोक होने के चलते सोमवार को होने वाले राष्ट्रीय होली मेले का शुभारंभ स्थगित कर दिया गया। सोमवार की स्टार नाइट भी स्थगित करनी पड़ी। स्टार कलाकार एवं पंजाबी गायक हरभजन मान को भी जिला प्रशासन ने समय रहते इस संदर्भ में अवगत करवा दिया था। अब यह शुभारंभ कार्यक्रम 19 मार्च को सुबह होगा। पहले 18 मार्च को मेले के शुभारंभ निर्धारित था।
मुख्य सचिव बीके अग्रवाल को उत्सव के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन अब तमाम कार्यक्रम एक दिन बाद 19 मार्च से शुरू होंगे। मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या भी रद्द कर दी गई है। अब सोमवार शाम को आने वाले स्टार कलाकार हरभजन मान 19 मार्च की सांस्कृतिक संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगे। उपायुक्त हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शोक के चलते सुजानपुर के राष्ट्रीय होली मेले का जो शुभारंभ सोमवार को रखा गया था, अब उसे मंगलवार को विधिवत तरीके से किया जाएगा। प्रथम सांस्कृतिक संध्या भी रद्द कर दी गई है। प्रथम संध्या में आने वाले स्टार कलाकार अब मंगलवार की संध्या में प्रस्तुति देंगे।