सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर में रविवार को विक्टिम डे मनाया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अध्यक्षता थाना प्रभारी सुजानपुर श्याम लाल ने की। उन्होंने कहा कि शहर, पंचायत और गांव के मुख्य रास्तों या सार्वजनिक स्थान पर किसी भी तरह का कोई भी गलत कार्य हो रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। खुद को किसी भी तरह के गलत कार्य में सहभागी न बनाएं। पुलिस आपकी रक्षा एवं सुरक्षा के लिए है।
इसलिए कोई भी कानून अपने हाथ में न लें। जरूरत पड़े तो पुलिस को सूचित करें। इस मौके पर लोगों को कानून के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों की जो शिकायतें थी उन शिकायतों को मौके पर सुना गया और उनका निवारण किया गया। थाना प्रभारी ने भी लोगों से आह्वान किया कि सुरक्षा की दृष्टि से खुद सतर्क रहें। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट न डालें न ही शेयर करें। आप कहां पर जा रहे हैं, आपके घर पर कौन है, आपके घर पर कोई नहीं है इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें। फ्रॉड कॉल से बचें।