बिझड़ी (हमीरपुर)। कस्बे के एबीसी चौक से घंगोट सड़क का निर्माण करीब पौने चार करोड़ रुपये से किया गया लेकिन, यह सड़क उद्घाटन से पहले जगह-जगह से टूट गई है। इतनी राशि खर्च करने के बावजूद सड़क का निर्माण लोगों की अपेक्षा अनुसार नहीं हो पाया है। 8 किलोमीटर सड़क किनारे न तो डंगे लगाए गए और न ही पैरापिट का निर्माण किया गया। जबकि ऐसे कई स्थान हैं जहां पर डंगों और पैरापिट की जरूरत है। सड़क का निर्माण होने के बाद अभी इसका उद्घाटन भी नहीं हुआ है और यह सड़क कई हिस्सों से टूट गई है। डंगे न होने के कारण बारिश से सड़क बहना शुरू हो गई है। वहीं, एक जगह भूमि विवाद के चलते करीब 500 मीटर का हिस्सा बिना पक्का किए ही छोड़ दिया गया है।
संबंधित ठेकेदार अपनी लेबर और सामान लेकर चला गया है। स्थानीय लोगों में महिंद्र पाल, पंकज, छोटू, कपिल, गौतम, मुनीष आदि का कहना है कि अभी तक इस सड़क का उद्घाटन भी नहीं हुआ और जगह जगह से टूटना शुरू हो गई है। इन लोगों ने विभाग तथा सरकार से मांग की है कि जो कार्य इस सड़क का बचा हुआ है, उसको पूरा किया जाए। इस संदर्भ में सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग बड़सर अनिल कुमार का कहना है कि एबीसी चौक से आगे 500 मीटर सड़क भूमि विवाद के कारण पक्की नहीं हुई है। इस वजह से खर्च की जाने वाली राशि बच गई है। बाकी जगहों पर जहां पर पैरापिट लगने हैं, लगवा दिए जाएंगे।
---