हमीरपुर। नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम एसोसिएशन के तत्वावधान में जंतर-मंतर दिल्ली में पांच दिवसीय प्रदर्शन किया गया। इसमें विभिन्न राज्यों से कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदेश के कर्मचारी भी शामिल रहे। प्रदेश एनपीएस कर्मचारी एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार राजिंद्र स्वदेशी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में देश के समस्त राज्यों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। यह प्रदर्शन सिर्फ न्यू पेंशन स्कीम के विरोध में हुआ। न्यू पेंशन स्कीम कोई पेंशन नहीं है। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारियों के साथ विश्वासघात है।
उन्होंनेे कहा कि सभी भारतीय कर्मचारियों को पुरानी पेंशन मिले। स्वदेशी ने कहा कि इस संदर्भ में पूर्व में कई रैलियां, प्रदर्शन और हड़तालें की गईं लेकिन, केंद्र सरकार गहरी नींद में सोई रही। इस कारण नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम एसोसिएशन को जंतर-मंतर पर पांच दिवसीय प्रदर्शन का आयोजन करना पड़ा। एनएमओपीएस के उपाध्यक्ष प्रो. अनिल स्वदेशी ने कहा कि पांच दिवसीय न्यू पेंशन स्कीम के विरोध में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि भारत के समस्त न्यू पेंशन स्कीम धारकों की सिर्फ एक ही मांग है कि पुरानी पेंशन की बहाली की जाए।