हमीरपुर। जिलाभर में बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई।। इसके साथ दो मिनट का मौन भी रखा गया। स्कूलों में महात्मा गांधी के विचारों के बारे में बच्चों को अवगत करवाया गया। भगवती पब्लिक स्कूल जलाड़ी में शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर दो मिनट का मौन रखा गया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान कक्षा आठवीं की वेदिका शर्मा और नवमी कक्षा की पल्लवी शर्मा ने शहीदी दिवस पर अपने विचार साझा किए। इसमें उन्होंने शहीदों की कुर्बानियों को याद किया। गांधी भी उन शहीदों में एक थे, जिन्होंने आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर किया और अहिंसा का रास्ता अपनाकर देश को आजादी दिलवाई। प्रधानाचार्य आरती कटोच ने बच्चों को महात्मा गांधी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और अहिंसा का मार्ग अपनाने की सलाह दी। इसके साथ दिव्या आदर्श विद्या पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर, त्रिशा कॉलेज ऑफ एजुकेशन जोलसप्पड़ में भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। वहीं, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए विद्यार्थियों ने रैली निकाली।
मिनी सचिवालय में राष्ट्रपिता को किया याद
हमीरपुर। सत्य एवं अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 71वीं पुण्यतिथि पर उपायुक्त कार्यालय परिसर में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर रतन गौतम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मिक शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त अनुपम ठाकुर, एसडीएम जफर इकबाल, जिला राजस्व अधिकारी पवन शर्मा तथा उपायुक्त कार्यालय के सभी कर्मचारियों ने मौन धारण कर महात्मा गांधी की आत्मिक शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।
बाक्स:
रंगस (हमीरपुर)। जोलसप्पड़ पंचायत में भी नेहरू युवा केंद्र के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रधान सोमा देवी और रंगस पंचायत के उपप्रधान फांदी खान ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पंचायत प्रधान सोमा देवी ने लोगों को गांधी के जीवन के बारे में बताया तथा गांधी द्वारा बताए गए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रशिक्षिका मीना कुमारी के अलावा निशा, ममता, काजल, आशा, अंकु रानी, तृष्णा रानी, कश्मीर चंद, मधू, नीलू और राजकुमार भी मौजूद रहे।