हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में अल्ट्रासाउंड करवाने आई एक महिला ने चिकित्सक पर उसके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने इसके बाद लैब के बाहर परिजनों के साथ जमकर हंगामा किया। महिला ने आरोप लगाए हैं कि चिकित्सक ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। वहीं पंद्रह मिनट तक लैब के बाहर हंगामा चलता रहा। दो माह पूर्व अस्पताल की नेत्र ओपीडी में भी एक लड़की के साथ छेड़खानी के आरोप लगे थे। विभाग में तैनात कर्मचारी पर ही लड़की के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोप थे।
शुक्रवार को अस्पताल में दाखिल एक महिला अल्ट्रासाउंड लैब में जांच करवाने आई। उसने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने उसके साथ बदतमीजी की। इसके बाद वह लैब से बाहर आई और उसने अपने परिजनों से यह बात बताई। इसके बाद परिजन भड़क गए और लैब के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। उधर, अस्पताल के कार्यकारी एमएस डा. रमेश चौहान का कहना है कि इस बारे में कोई शिकायत नहीं आई है लेकिन, लैब के बाहर हंगामा होने की सूचना मिली है। कॉलेज प्राचार्य डा. अनिल वर्मा का कहना है कि वह छुट्टी पर हैं और इस बारे में उन्हें कोई सूचना नहीं है। अल्ट्रासाउंड लैब में मौजूद चिकित्सक डा. राकेश का कहना है कि महिला से उसकी प्रेगनेंसी संबंधी हिस्ट्री वहां मौजूद एक अन्य चिकित्सक ने पूछी। जिससे वह भड़क गई। महिला से जांच के लिए जरूरी बातें पूछी गईं, लेकिन वह उठकर लैब से बाहर चली गई और परिजनों के साथ हंगामा शुरू कर दिया।