हमीरपुर। जिला प्रशासन हमीरपुर प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों को नहीं मान रहा। दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन ने सोमवार को हमीर भवन में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया। इस मौके पर संगठन के सदस्यों ने शहर में वन-वे मामले को गंभीरता से उठाया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट सुशील शर्मा ने कहा कि मामले को लेकर प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिसके बाद न्यायालय ने जिला प्रशासन को चरणबद्ध तरीके से इस मामले में उचित कदम उठाने के आदेश दिए थे। लेकिन आज तक इस मामले पर प्रशासन का रवैया ढुलमुल रहा है।
इसके साथ ही हमीरपुर बस स्टैंड से गांधी चौक को जोड़ने के लिए फ्लाईओवर(फुटब्रिज) बनाने और अस्पतालों, आईपीएच व बिजली बोर्ड में बिलों की अदायगी के समय वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। सुशील शर्मा ने कहा कि कि बुजुर्ग हमारे समाज का अमूल्य हिस्सा हैं तथा उनको हर स्थान पर सही सम्मान दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर संगठन के महासचिव मनोहर लाल कानूनगो ने रिपोर्ट भी पढ़ी। वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव शर्मा तथा सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग हमीरपुर गगनेश गुप्ता ने उपस्थित लोगों को जीएसटी के बारे में जानकारी दी। संगठन के सौरभ सूद ने उपभोक्ता अधिनियम 2018 के बारे में लोगों को बहुमूल्य जानकारी उपलब्ध करवाई। इस मौके पर संगठन के सदस्य प्रोमिला राणा, बलदेव धीमान तथा केके खन्ना, पंकज भारतीय, मनसुख पठानिया, पुरषोत्तम कालिया, विपन शर्मा, रणजीत ठाकुर, एसके कौड़ा, अरविंद्र सिह, जसवीर कुमार, विशाल राणा, ज्ञान चंद शर्मा, प्रकाश चंद सेन, पीएन शर्मा, योगमाया शर्मा, शंभू राम जसवाल, युद्धवीर पठानिया, बलवीर सिंह पटियाल, केसी गौतम व कौशल्या गिल सहित कई लोग उपस्थित रहे।