हमीरपुर। बचत भवन हमीरपुर में बुधवार को जिले की खड्डों के तहत आते खनन पट्टों की नीलामी के लिए बोली लगाई गई। खनन विभाग ने दस वर्षों के लिए 16 खनन पट्टों को नीलामी के लिए रखा था। इनमें से 14 खनन पट्टे नीलाम हो गए हैं, जबकि दो शेष बच गए हैं। नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता कमेटी के चेयरमैन एवं एडीसी हमीरपुर रतन गौतम ने की। जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह, शिमला से ज्यूलॉजिस्ट संजीव शर्मा और उद्योग विभाग के महाप्रबंधक विजय चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस नीलामी प्रक्रिया के दौरान 14 खनन पट्टे नीलाम हुए। जिनसे विभाग को प्रतिवर्ष पांच करोड़ 28 लाख 85 हजार रुपये राजस्व प्राप्त होगा।
विभाग ने इस राजस्व का 25 फीसदी संबंधित खरीदारों से मौके पर ही वसूल कर लिया। जबकि, शेष किस्तों में देय होगा। इसके साथ ही इन खरीदे गए पट्टों पर विभाग अवैध खनन को रोकने के लिए साइन बोर्ड और बुर्जियां स्थापित करेगा। विभाग ने इन खनन पट्टों की नीलामी आगामी दस सालों के लिए की है। इन पट्टों पर खरीदार अपनी इच्छा अनुसार क्रशर भी लगा सकते हैं या खनन सामग्री रख सकते हैं। इस मौके पर आईपीएच और उद्योग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह का कहना है कि बुधवार को 16 में से 14 खनन पट्टे आगामी दस वर्षों के लिए नीलाम हुए हैं। इनकी नीलामी से विभाग को प्रतिवर्ष पांच करोड़ 28 लाख 85 हजार रुपये राजस्व प्राप्त होगा। अवैध खनन को रोकने के लिए साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।