बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर में वीरवार को नशा निवारण समिति की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीना बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि नशे को रोकने के लिए वह पुलिस का पूरा सहयोग करें। नशे के कारोबार में जुड़े लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया है।
इसमें लोगों का सहयोग मिलना बहुत जरूरी है। नशे का कारोबार करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। रमन ने कहा कि वह इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे और शिक्षण संस्थानों में भी बच्चों के साथ सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने समिति के सदस्यों को पुलिस का पूरा सहयोग करने की बात कही। पुलिस थाना बड़सर के एसएचओ जगदीश चंद ने भी नशे पर रोक लगाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में व्यापार मंडल बड़सर के प्रधान विनोद लखनपाल, स्वरूप शर्मा, प्रवीन कुमार, कृष्ण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।