बड़सर (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत उसनाड़ कलां बीपीएल मुक्त हो गई है। शनिवार को पंचायत में हुई आम बैठक में उसनाड़ कलां पंचायत को सर्वसम्मति से बीपीएल मुक्त घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही उसनाड़ कलां पंचायत बिझड़ी ब्लॉक की दूसरी बीपीएल मुक्त पंचायत बन गई है। इससे पूर्व ग्राम पंचायत बल्ह-बिहाल ने 1 अप्रैल को आम बैठक में सर्वसम्मति से बीपीएल मुक्त करने का निर्णय लेकर इतिहास रचा था। सरकार की ओर से बीपीएल संबंधी शिकायतों और दावों के लिए शुरू किए गए अभियान के तहत बिझड़ी ब्लॉक में 6 से 13 फरवरी 2018 तक उसनाड़ कलां पंचायत के एक परिवार के खिलाफ शिकायत पहुंची थी, जबकि 5 परिवारों ने बीपीएल श्रेणी में शामिल होने का दावा प्रस्तुत किया था। इनमें से अधिकतर परिवारों ने अपने आय प्रमाण पत्र भी बनवा लिए थे।
पंचायत में पूर्व में कुल 63 परिवार बीपीएल की श्रेणी में दर्ज थे। शनिवार को पंचायत में हुई आम बैठक में यह बात खुलकर सामने आई कि अधिकांश परिवार बीपीएल श्रेणी में आने के लिए पात्र नहीं हैं। इसलिए यह प्रस्ताव रखा गया कि सारी पंचायत को बीपीएल मुक्त किया जाए। जिस पर कुछ के विरोध के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर दिया गया। वार्ड नंबर 4 की पुष्पा देवी ने आम बैठक में उपस्थित लोगों से इस पंचायत को बीपीएल मुक्त करने का आग्रह किया। पुष्पा देवी को उपप्रधान भाग सिंह ने उसकी हिम्मत के लिए एक हजार नकद इनाम भी दिया। पंचायत प्रधान लीला शर्मा और पंचायत सचिव योगराज ने कहा कि आम सभा में पंचायत को बीपीएल मुक्त घोषित कर दिया गया है।