मुख्यमंत्री से मिलकर उठाईं समस्याएं
प्रतिनिधिमंडलों ने मांगों के बारे में सौंपे ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। डॉ. राधा कृष्णन मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ, भवन शिलान्यास और आवासीय भवन के उद्घाटन अवसर पर हमीरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से विभिन्न संघों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपे।
हिमाचल प्रदेश सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका संयुक्त संघ का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को प्रधान अभिषेक ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। संघ ने मुख्यमंत्री का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग उठाई कि प्रतिवर्ष कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाया जाए। इसके साथ ही पेंशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। सुपरवाइजर को सीधे सीडीपीओ पद पर पदोन्नति का कोटा प्रदान किया जाए। अनुबंध तीन वर्ष से दो वर्ष किया जाए। सभी वृत्त कार्यालयों में मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं। इस मौके पर अभिषेक ठाकुर, अनिल चौहान, रवि ठाकुर, सरोज कुमारी, रजनी, रक्षा, सीमा देवी आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों के मानदेय में की जाए वृद्धि
हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को प्रधान धनीराम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री से मिला। संघ ने मुख्यमंत्री से मांग उठाई कि जिन कर्मचारियों को तीन साल, पांच साल, आठ साल और दस साल विभिन्न विभागों में सेवा करते हो गए हैं, उन कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि की जाए।
कंप्यूटर शिक्षकों के लिए बने नीति
कंप्यूटर शिक्षक संघ की जिला इकाई शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से नादौन विस क्षेत्र के पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सर्किट हाउस हमीरपुर में मिली। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष उनके लिए पॉलिसी बनाने की मांग रखी और विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगी। इसके साथ उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की और अपनी मांगों को पूरा करवाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला प्रधान विपिन कुमार, सोनिका, अनीता कुमारी, कमलेश कुमारी, संजय कुमार, अंजना कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
चालकों की कमी को किया जाए पूरा
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम चालक यूनियन का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को प्रदेशाध्यक्ष प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री से सर्किट हाउस हमीरपुर में मिला। इस मौके पर उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं का समाधान जल्द करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग उठाई कि पिछले एक वर्ष से रुका हुआ रात्रि भत्ता बहाल किया जाए। चालकों की कमी को पूरा किया जाए। इसके अलावा टायरों की कमी को पूरा करने और 24 फीसदी महंगाई भत्ता और अंतरिम राहत तुरंत प्रदान करने की मांग उठाई।
सीएम को ग्यारह सूत्री मांग पत्र सौंपा
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला हमीरपुर का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुमन बन्याल की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 55,000 रुपये का ड्रॉफ्ट मुख्यमंत्री को भेंट किया। इसके अलावा उन्होंने 11 सूत्री मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में जिला बिलासपुर के प्रधान रणवीर ठाकुर, मंडी प्रधान रूप लाल, जिला हमीरपुर के महासचिव प्रदीप गौतम, भोरंज के प्रधान राकेश पठानिया, सुजानपुर के प्रधान संजीव ठाकुर, दरसोक ठाकुर, नरेश पटियाल, अजय कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।