बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के तहत भोटा से बिझड़ी वाया रोपड़ी सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 18 किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। जिसमें लगभग 10 करोड़ की राशि खर्च होने का आकलन लगाया गया है। इसी सड़क पर सवा करोड़ की लागत से पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। सड़क के विस्तारीकरण व पुल के बनने से तीन पंचायतों के दो दर्जन गांवों के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
भोटा से बिझड़ी वाया रोपड़ी सड़क में पपलोहल के पास शुक्र खड्ड पर 153 मीटर लंबा पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल के निर्माण में लगभग सवा करोड़ की राशि खर्च होगी। सरकार ने इस सड़क मार्ग के विस्तारीकरण के लिए विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा लगभग 18 किलोमीटर सड़क के विस्तारीकरण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इसे जल्द ही सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इस सड़क के विस्तारीकरण से क्षेत्र की समताना, दंदवीं तथा लोहडर पंचायत के दर्जनों गांवों के लोगों को सुविधा होगी।
सिंगल सड़क मार्ग होने या पुल के अभाव में जिला मुख्यालय या भोटा क्षेत्र के लोगों को वाया सलौणी होकर जाना पड़ता था। सड़क व पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संतोष कटोच का कहना है कि भोटा बिझड़ी वाया रोपड़ी सड़क के अपग्रेडेशन के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। विभाग द्वारा डीपीआर को जल्द तैयार कर सरकार की स्वीकृति भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग में पपलोहल के पास शुक्रखड्ड पर पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।