बड़सर(हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के ब्रह्मलीन महंत 1008 शिवगिरि महाराज की 14वीं बरसी मनाई गई। इस मौके पर आयोजित जागरण में प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम ने बाबा की भेंटों का गुणगान किया। इसमें मास्टर सलीम ने दर्शन जोगी दा, बाबा जी जरूर आणगे, मेरी लाज रख लै मेरे पर्दे ढक लै, मोर दी करके सवारी ओ बेड़े पार लौंण चलेया, तेरीयां उड़ीका जोगिया, जोगिया भर दे झोलियां समेत बाबा की अन्य भेंटों से समारोह में समा बांधा। कार्यक्रम से पहले मास्टर सलीम ने वर्तमान में गद्दी पर विराजमान महंत राजिंद्रगिरि महाराज से आशीर्वाद लिया और तेरी जय हो गणेश की वंदना से मंच पर अपने कार्यक्रम का आगाज किया। इससे पूर्व पंजाब के उभरते गायक गौतम जालंधरी ने कई प्रस्तुतियां देकर बरसी मेले में शामिल श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। बरसी मेले की शुरूआत में सुबह 10 बजे महंत राजिंद्र गिरि महाराज ने दर्जनों साधुओं-महात्माओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया और बाबा की पवित्र गुफा में रोट-प्रसाद का भोग अर्पित किया। मेले में भाग लेने के लिए संपूर्ण उत्तरी भारत से साधु समाज के लोग दियोटसिद्ध पहुंचे। बरसी मेले में आए श्रद्धालुओं के लिए किरपा जोगी परिवार जालंधर के भक्तों द्वारा अरुण राय के नेतृत्व में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।